लड़कियों की जान इतनी ही सस्ती है: लड़का डिप्रेशन में था, ब्रेकअप बर्दाशत नहीं हुआ; बस लड़की को मार दिया।।
प्यार की कीमत कभी-कभी जान देकर भी चुकानी पड़ती है। लैला-मजनूं ने चुकाई थी, शींरी-फरहाद ने चुकाई, रोमियो-जूलियट ने चुकाई।
प्यार की इन कहानियों में कभी ये नहीं पढ़ाया गया कि प्यार न करने की कीमत भी जान देकर चुकानी पड़ सकती है। और ये कीमत सिर्फ लड़की को ही चुकानी पड़ती है।
21 साल की सुंदर सी लड़की थी। माता-पिता ने बड़े अरमानों से कानपुर से दिल्ली-एनसीआर भेजा था। पढ़ने के लिए, अपने सपने पूरे करने के लिए, जिंदगी में कुछ बनने के लिए।
उन्हें क्या पता था कि जिस लड़की को जिंदा हंसता-मुस्कुराता भेजा है, वो एक दिन लाश बनकर लौटेगी।
और उस हंसती जिंदगी को लाश में बदल देने वाला कोई और नहीं, उसी लड़की की क्लास में पढ़ने वाला एक 21 साल का लड़का है।
गलती बस इतना ही कि लड़की ने लड़के से ब्रेकअप किया, दोस्ती खत्म कर ली, उसका दिया उपहार लेने से इनकार कर दिया।
शेयर
बस इतना ही हुआ था कि लड़के के हाथ में पिस्टल थी और लड़की के शरीर में लगी गोली। उसके बाद हॉस्टल जाकर लड़के ने खुद को भी गोली मार ली। लेकिन हत्यारा इस मामले में सिर्फ एक ही है।
अपराधी सिर्फ एक है। उस मासूम लड़की की जान लेने वाला और खुद अपनी जान देने वाला। लड़की का कोई अपराध नहीं था, लेकिन उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।
लड़कियों की जान इतनी ही सस्ती है। जन्म से लेकर मृत्यु तक कब किसके हाथों मारी जाएं, खुदा भी नहीं जानता। बहुत खुशकिस्मत हुई तभी पैदा होती है, वरना जन्म से पहले पेट में ही मार डाली जाएगी।
शेयर
जो लड़कियां जन्म से पहले नहीं मारी जाती हैं, उनका क्या होता है?
वो कभी परिवार के सम्मान के नाम पर ऑनर किलिंग का शिकार होती हैं, कभी दहेज के लिए जिंदा जलाकर मार डाली जाती हैं, कभी प्यार में असफल लड़का उनके चेहरे पर तेजाब डाल जाता है तो कभी चाकुओं से गोद देता है।
कभी भरी कक्षा में कुल्हाड़ी से लड़की का सिर काट देता है। और नहीं तो बलात्कार करके गांव के खेत में गाड़ दी जाती हैं, जिंदा पेड़ पर लटका दी जाती हैं, पेट्रोल डालकर जला दी जाती हैं।
यह सारी मौत सिर्फ लड़कियों के हिस्से में ही आती है। कभी सुना आपने अपनी पूरी जिंदगी में कि किसी लड़के की गर्भ में हत्या हुई हो, किसी लड़के को बाप ने प्यार करने और अपनी मर्जी से शादी करने के जुर्म में जहर देकर मार डाला हो, अपने ही घर के आंगन में गाड़ दिया हो, किसी लड़की ने लड़के के चेहरे पर तेजाब फेंका हो, उसे गोली मारी हो क्योंकि लड़के ने उसका प्रेम प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया था।
दहेज के लिए मरने का सवाल ही पैदा नहीं होता क्योंकि दहेज के लिए बिकाऊ सिर्फ लड़का है और पैसे जोड़ने का बोझ सिर्फ लड़की के पिता पर।
स्त्री होने के हिस्से में और बहुत सारे दुख और दुर्भाग्य आए हैं, लेकिन यह सबसे बड़ा दुर्भाग्य है कि उसे जीने का मौका ही न मिले। इतनी नामालूम सी वजहों से मर्द उसके जिंदा रहने का अधिकार ही उससे छीन लें।
क्या इस हत्या की वजह सिर्फ इतनी ही थी कि लड़का डिप्रेशन में था। लड़का शरीर और मन से बीमार था। इस हत्या को कोई सही नहीं ठहरा रहा, लेकिन संवेदना और सहानुभूति की एक बारीक किरण लड़के की ओर भी ठहरी हुई है।
ठीक वैसे ही, जैसे कुछ हफ्ते पहले महाराष्ट्र में जब एक भाई ने पहली बार पीरियड्स आने पर शक के कारण अपनी 12 साल की बहन की हत्या कर दी थी तो सोशल मीडिया पर लोगों को इस हत्या की वजह पितृसत्ता नहीं, बल्कि सेक्स एजुकेशन की कमी नजर आ रही थी।
बात ये भी है कि वो लड़का था। वो एक पितृसत्तात्मक देश, समाज और परिवार में श्रेष्ठ जेंडर के साथ पैदा हुआ था। वह जेंडर, जिसके पास जन्म से ही सारे विशेषाधिकार सुरक्षित होते हैं। उन्हें बेहद लाड़-दुलार के साथ किसी महामहिम की तरह, महान राजकुमार की तरह पाला जाता है।
उनके सारे शौक और अरमान पूरे किए जाते हैं. उनकी हर बात का मान रखा जाता है, हर इच्छा को सिर-आंखों पर बिठाया जाता है।
बड़ी बहन से लेकर छोटी बहन तक सबको भाई के आदेश मानने का आदेश दिया जाता है। 4 साल का भाई भी 15 साल की बहन का रखवाला बना फिरता है। वो आंखों का तारा और सबका राजदुलारा होता है।
भाई को न सुनने की आदत नहीं होती क्योंकि उसकी बात टालने, उसके आदेश न मानने का अधिकार किसी के पास नहीं। और खासतौर पर परिवार की किसी लड़की के पास तो बिल्कुल भी नहीं।
जिसने जीवन में कभी न न सुनी हो, कभी इनकार न झेला हो, उसे वयस्क जीवन में एक लड़की की न कैसे बर्दाश्त हो सकती है। उस लड़के ने तो अतिरेकी कदम उठा लिया, लेकिन ये न बर्दाश्त न कर पाने की बीमारी बाकी लड़कों में भी पाई जाती है।😔😔😔
टिप्पणी करे